Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

पुलिस की लापरवाही से पत्रकार पर जानलेवा हमला: अपराधियों के हौसले बुलंद।

 पुलिस की लापरवाही से पत्रकार पर जानलेवा हमला: अपराधियों के हौसले बुलंद।

संत कबीर नगर: जिले में अपराधियों के भीतर से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। अब स्थिति ऐसी हो गई है कि अपराधी खुलेआम गंभीर वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचकिचा रहे हैं। चौथे स्तंभ के प्रहरी भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

ताजा मामला दुधारा थाना क्षेत्र के बाघनगर चौकी से महज 500 मीटर दूर का है, जहां पत्रकार जावेद अहमद पर दबंग व्यक्ति ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पत्रकार के दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह टूट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेहुड़ा गांव निवासी एक दबंग व्यक्ति पत्रकार से निजी रंजिश रखता था और काफी दिनों से जान से मारने की धमकी दे रहा था। इस संबंध में पत्रकार ने बाघनगर चौकी पर लिखित शिकायत देकर अपनी सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और शिकायती पत्र को ठंडे बस्ते में डाल दिया।

पुलिस की निष्क्रियता के कारण आरोपी का हौसला बढ़ता चला गया और आखिरकार उसने सेहुड़ा चौराहे पर दिनदहाड़े पत्रकार पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल पत्रकार को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

यह पूरी घटना पुलिस प्रशासन की विफलता को उजागर करती है। सवाल यह है कि यदि दुधारा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो क्या यह हमला होता? जब जिले में पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों का क्या हाल होगा, यह सहज ही समझा जा सकता है।

इस घटना के बाद जनता में पुलिस के खिलाफ जबरदस्त रोष है। लोग मांग कर रहे हैं कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी कठोर दंड दिया जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर एक और शिकायत ठंडे बस्ते में डाल दी जाएगी।

ताजा खबरें के लिये बने रहे 

रिज़वान खान की रिपोर्ट

AKP न्यूज़ 786



Post a Comment

0 Comments