26 सितंबर से 25 अक्तूबर तक सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक आयोजनों की श्रृंखला*
बस्ती। महुआ डाबर संग्रहालय द्वारा कर्मवीर पं. सुंदरलाल और गणेश शंकर विद्यार्थी की स्मृति में 26 सितंबर 2025 से 25 अक्तूबर 2025 तक एक माह लंबा भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। उद्घाटन समारोह जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन के सभागार, कानपुर में होगा। आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने हेतु तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
कर्मवीर पं. सुंदरलाल: राष्ट्रवादी पत्रकारिता और स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत
पंडित सुंदरलाल न केवल प्रखर विद्वान और इतिहासकार थे, बल्कि आजादी आंदोलन के महान योद्धा और सांप्रदायिक सद्भाव के प्रबल समर्थक भी थे। वायसराय लार्ड हार्डिंग बम प्रकरण के बाद उन्होंने वर्षों तक गुप्त नामों से कार्य किया। नमक सत्याग्रह के दौरान वे आंदोलन के डिक्टेटर बने और आठ बार जेल गए।
उनकी पुस्तकों और लेखन ने ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी। भारत में अंग्रेज़ी राज जैसी रचना ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अमर कर दिया। वे भारतीय संविधान सभा के सदस्य रहे और विश्व शांति परिषद के अध्यक्ष के रूप में चीन, वियना, मॉस्को, लंदन, टोक्यो और वियतनाम तक अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। सुंदरलाल जी 50 से अधिक महत्वपूर्ण पुस्तकों के लेखक थे, जो कई भाषाओं में अनूदित हुईं।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने स्वराज, कर्मयोगी, भविष्य, विश्ववाणी और नया हिन्द का संपादन कर मिशनरी पत्रकारिता को जीवित रखा। उन्होंने गणेश शंकर को लेखन के लिए प्रेरित कर ‘विद्यार्थी’ उपनाम दिया और विद्यार्थी जी की शहादत के बाद बनी जांच समिति में सचिव के रूप में कार्य किया।
स्मृति समारोह की प्रमुख झलकियाँ
महुआ डाबर संग्रहालय के महानिदेशक डॉ. शाह आलम राना ने बताया कि कार्यक्रम को चार सप्ताह की श्रृंखला में विभाजित किया गया है। इसमें
स्मृति चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता
कानपुर हेरिटेज वॉक एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता
पत्रकारिता के पुरखों पर ऑडियो-विज़ुअल निर्माण
जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को 25 अक्तूबर को गणेश शंकर विद्यार्थी स्मरण एवं समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा पं. सुंदरलाल से जुड़े पत्र, डायरियाँ, टेलीग्राम, स्मृति-चिन्ह, समाचार पत्र, पत्रिकाएँ, पुस्तकें और दुर्लभ तस्वीरों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी में देशभक्ति, सांस्कृतिक बोध और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करेगी।
उद्घाटन समारोह – 26 सितंबर 2025, प्रातः 11 बजे
प्रदर्शनी उद्घाटन: श्री कैलाश नाथ त्रिपाठी (संस्थापक, गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक शिक्षा समिति)
सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि
विशेष प्रस्तुति: “पं. सुंदरलाल – चंबल के क्रांतिकारी पत्रकार” (भारत सरकार – आकाशवाणी निदेशालय)
अतिथि वक्तव्य:
‘पं. सुंदरलाल जी के साथ मेरे अनुभव’ – श्री अनवर नक़वी (दत्तक पौत्र)
‘पं. सुंदरलाल मेरी दृष्टि में’ – श्री देवेंद्र सिंह चौहान (इतिहासकार)
पैनल डिस्कशन: “पं. सुंदरलाल और कानपुर”
प्रतिभागी: प्रो. राकेश शुक्ल, डॉ. धीरज
मध्यस्थ: प्रखर श्रीवास्तव
विशेष कार्यक्रम: ‘कर्मयोगी सुंदरलाल केंद्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय’ हेतु माँग पत्र का वाचन एवं सहमति हस्ताक्षर अभियान – डॉ. शाह आलम राना
धन्यवाद ज्ञापन – डॉ. उपेंद्र पांडेय, निदेशक, जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन
रिजवान खान की रिपोर्ट

0 Comments