बसंत चौधरी बोले — “लाइफ लाइन सड़क को
फोर लेन बनाया जाए, ताकि हादसे शून्य हों”
बस्ती: बस्ती-डुमरियागंज मार्ग, जो सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बलरामपुर, बस्ती और अन्य जिलों को जोड़ने वाली लाइफ लाइन सड़क मानी जाती है, अब लोगों के लिए मौत का रास्ता बन चुकी है। संकरी सड़क और बढ़ते ट्रैफिक के कारण आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। बीते दो वर्षों में इस मार्ग पर कई दर्जन लोगों की जान जा चुकी है।
पूर्व लोकसभा प्रत्याशी बस्ती एवं श्री कृष्णा मिशन हॉस्पिटल के चेयरमैन बसंत चौधरी ने हाल में मृतकों की सूची जारी करते हुए शासन-प्रशासन से तीखा सवाल किया — “इन मौतों का जिम्मेदार कौन है?” उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर और संकरी स्थिति के कारण हादसे थम नहीं रहे हैं।
हाल में हुई सड़क दुर्घटनाओं की सूची
- 1 अक्टूबर 2025 – तकिया चक पर दिलशाद पुत्र अख्तर (20) व साहिल पुत्र सलाम मोहम्मद (16) निवासी रामनगर थाना सोनहा की मौत।
- 1 अक्टूबर 2025 – बेलहरा हनुमान मंदिर के पास रामतौल उर्फ पिंटू निवासी धौरपारा थाना वाल्टरगंज की मौत।
- 30 सितंबर 2025 – भानपुर में रामलखन मौर्या (61) निवासी बैदौला थाना सोनहा की मृत्यु।
- 23 अगस्त 2025 – मनौरी में जितेंद्र यादव (35) निवासी नोनहा थाना गौर की मौत।
- 30 अगस्त 2025 – दुबौली चौराहा पर शंभू नाथ गौतम (21) निवासी करौता थाना सोनहा की मृत्यु।
- 16 अगस्त 2025 – मोहम्मद नगर में विजय यादव निवासी बगडिहवा थाना डुमरियागंज सिद्धार्थनगर की मौत।
- 15 जून 2025 – भानपुर में रजा पुत्र अब्दुल (25) निवासी भानपुर की मृत्यु।
- 22 जून 2025 – दुबौली चौराहा पर राजकुमार (18) निवासी लटिया थाना भवानीगंज सिद्धार्थनगर की मौत।
- 15 नवंबर 2023 – बढ़या कला में ओमप्रकाश राजभर (45) निवासी बढ़या कला थाना सोनहा की मौत।
- 9 मार्च 2023 – बरहुआ पोखरा के पास हिमांशु मिश्र (20), जियालाल (30), और सूरज (20) की मौत।
- 26 जुलाई 2023 – औसापुर पेट्रोल पंप के पास सुनील कुमार (28) और विक्रम पुत्र नंदलाल की मृत्यु।
- 31 जनवरी 2024 – नारखोरिया में श्याम सुंदर पुत्र हंसराज निवासी कोठिला थाना सोनहा की मौत।
- 14 जून 2024 – जिनवा में प्रभुनाथ सिंह निवासी कोहड़ी खुर्द थाना गोला गोरखपुर की मृत्यु।
- 22 जून 2022 – दुबौली चौराहा पर श्रवण कुमार (25) और सुनील कुमार (21) निवासी असनहरा थाना सोनहा की मौत।
- 20 जुलाई 2023 – मोहम्मद नगर में शालिनी पुत्री हेमराज (16) निवासी कटारिया नानकार थाना सोनहा की मृत्यु।
- 15 मई 2023 – रामनगर में अलाउद्दीन (30) निवासी ढोढ़या थाना बखिरा संतकबीरनगर की मौत।
- 19 मई 2023 – महनुआ में चंद्रप्रकाश (लेखपाल) निवासी भरवठिया मुस्तकहम थाना डुमरियागंज सिद्धार्थनगर की मृत्यु।
बसंत चौधरी की अपील
बसंत चौधरी ने कहा कि सड़क पर ट्रक और भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन चौड़ीकरण का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा — “यह सड़क अब मरम्मत या पैबंद से नहीं, बल्कि संपूर्ण चौड़ीकरण से ही सुरक्षित बन सकती है।”
उन्होंने शासन से मांग की कि बस्ती-डुमरियागंज मार्ग को फोर लेन बनाया जाए ताकि यात्रियों की यात्रा सुगम और हादसे शून्य हो सकें।
रिपोर्ट: रिजवान खान
स्रोत: AKP News 786

0 Comments